चर्चित शैली हत्याकांड में बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज सुनवाई होगी। इसमें अब तक की जांच के बारे में विवेचनाधिकारी सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार से न्यायालय में जानकारी ली जाएगी।
सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि वह प्रयागराज पहुंच गए हैं। बुधवार को न्यायालय में वह उपस्थित रहेंगे। उन्होंने जांच रिपोर्ट भी दे दी है, जिसमें अब तक की जांच की प्रगति के बारे में भी न्यायालय को अवगत कराया गया है। दूसरी तरफ संदिग्धों के मोबाइल की सीडीआर खंगालने में जुटी पुलिस को अब तक संदिग्ध का पता करने में कामयाबी नहीं मिली है। नौ लोगों के मोबाइल की सीडीआर का पुलिस की टीम अवलोकन कर रही है। बता दें कि 14/15 मई 2014 की रात को शहर के पॉश इलाके जिगर कालोनी में डॉ शैली सहित चार लोगों की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। घर में लूटपाट भी की गई थी, इस मामले में पुलिस अब तक न तो कातिल न ही चार लोगों के कत्ल की वजह का पता लगा पाई है।