संभल के एक युवक से वीजा दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि रकम लौटाने के बहाने आरोपियों ने युवक की बहन को पाकबड़ा बुलाया और उसके साथ छेड़खानी की। एसएसपी ने मामले में जांच का आदेश दिया है।
संभल निवासी युवती ने एसएसपी से शिकायत की है कि उसने एक साल पहले पाकबड़ा निवासी युवक से अपने भाई का वीजा बनाने के लिए कहा था। इसके बदल में उसने दो लाख रुपये लिए थे। आरोपी ने खुद को ट्रेवल एजेंट बताया था। युवती ने बताया कि अब तक उसके भाई का वीजा नहीं बनवाया गया है। इसके बारे में जानकारी के लिए उसने मंगलवार को आरोपी के पास फोन किया तो उसने बताया कि वीजा नहीं बना है, दो लाख रुपये पाकबड़ा में आकर ले जाओ। युवती दो लाख रुपये लेने के लिए अपनी मां के साथ आरोपी के बताए गए मकान पर पहुंची। वहां पर युवती की मां शौचालय में गई तो आरोपी ने युवती से छेड़खानी शुरू कर दी। उसने शोर मचाया तो मां भी शौचालय से बाहर आ गई, आसपास के लोग एकजुट हो गए। आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद वह मामले की शिकायत करने एसएसपी कार्यालय आई है। एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।