रेल चौकी के पास शुक्रवार शाम फिर लुटेरों ने सेवा निवृत्त कर्मचारी से तीस हजार रुपये लूट लिए। घटना के समय पीड़ित बैंक से रुपये निकाल कर अपने घर लौट रहे थे। उनके शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को हिरासत लेकर पूछताछ की तो उसने दूसरे साथी का नाम भी उगल दिया। उसी के बाद पुलिस ने दूसरे बदमाश को भी गिरफ्तार कर लिया।
रेलवे हरथला कालोनी चंद्र नगर निवासी रमेश मसीह रेलवे विभाग से हेड क्लर्क पद से सेवा निवृत्त हैं। वह शुक्रवार को डीआरएम कंपाउंड स्थित एसबीआई की शाखा से अपनी पेंशन की राशि निकालकर बाहर आए और पैदल ही अपने घर की ओर जाने लगे। उन्होंने रुपये बैग में रख लिए थे। वह रेलवे अस्पताल के सामने से कपूर कंपनी तिराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बदमाश आए और उन्होंने बुजुर्ग से झपट्टा मारकर बैग लूट लिया और भागने लगे। रमेश के शोर मचाने पर लोग बदमाशों के पीछे दौडे़े और एक बदमाश को दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई की। जबकि इसका साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। कुछ ही देर में वहां पीआरवी 43 पर तैनात पुलिस कर्मी पहुंच गए। उन्होंने बदमाश को हिरासत में ले लिया। उसने पूछताछ में अपना नाम राजू सैनी निवासी मानसरोवर कालोनी शिव नगर थाना मझोला बताया, जबकि अपने साथी का नाम राजेश बताया। पुलिस ने दबिश देकर राजेश को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उनसे रुपये बरामद कर लिए हैं।