टांडा। ग्राम धनपुरा में शनिवार देर शाम को ताजियों को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने 49 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें से 34 लोग नामजद व 15 अज्ञात हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ दूसरे समुदाय की भावनाओं को आहत करने, शांतिभंग आदि में मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम धनुपुरा से ग्राम शहपुरा को ताजिया लाते हुए ग्राम में नई बनी 132 केवीए की हाई टेंशन लाइन की बीच में आ गयी। इस कारण ताजियेदारों ने ताजिये वहीं रोक दिए। साथ ही हाईटेंशन लाइन को हटवाने की मांग करने लगे। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर ताजियेदारों को समझने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचते ही हड़कंप मच गया। शनिवार को एसडीएम मान सिंह पुंडीर, सीओ राहुल कुमार, कोतवाल जीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद ग्राम में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। देर शाम तक चले बैठकों के दौर के बाद ग्रामीणों ने धनुपूरा का ताजिया शहपुरा न आने के कारण घर वापस ले जाने का फैसला किया। उधर, एसडीएम मान सिंह पुंडीर ने बताया कि जहां से ग्राम धनुपुरा के ताजिये निकलने थे वहां पर 132 केवीए की हाईटेंशन लाइन के गुजरने के कारण ग्रामीणों द्वारा लिखित में ताजिये वापस घर लेकर जाने का फैसला किया गया। रविवार को पुलिस ने 49 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।