मुरादाबाद। सराफ प्रभाकर शिंदे ने मुंबई से आकर मुरादाबाद में अपना कारोबार जमाया और काफी नाम कमाया लेकिन सट्टेबाजी के कारण उनका कैरियर तबाह हो गया। पुलिस को प्रारंभिक जांच में हैरान कर देने वाली जानकारियां मिली हैं। प्रभाकर शिंदे एमसीएक्स की मदद से जल्द पैसा कमाना चाहते थे, इसके लिए स्टॉक मार्केट में उन्होंने सोना स्टॉक किया था, जिसे वह महंगे दाम पर बेचना चाहते थे लेकिन ये उनके लिए घाटे का सौदा साबित हुआ। घाटे से उबरने के लिए उन्होंने कर्ज लिया और वह आईपीएल में सट्टे से इस कर्ज की भरपाई करना चाहते थे लेकिन आईपीएल के सट्टे में मिली हार ने उनको नाउम्मीद कर दिया।
एसएचओ मुगलपुरा गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी करीबी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक साल से प्रभाकर की जिंदगी में ये मोड़ आया है, जब उनका पैसा एमसीएक्स की स्टॉक मार्केट में डूब गया। वह इस वजह से तनाव में रहने लगे थे। वह दोस्तों के साथ होटलों में जाते थे, पार्टियां भी करते थे। वहां भी वह कर्ज में डूबे होने की जानकारी देते थे। उनकी जीवनशैली में बदलाव आने लगा था, अब उनको कर्ज देने वाले लोग भी रकम वापस करने के लिए कह रहे थे, लगातार दबाव पड़ रहा था। इसकी वजह से उन्होंने अपने एक मकान को बेचने की प्लानिंग कर सौदा भी तय कर दिया था। ये वही मकान है, जिसमें उन्होंने बृहस्पतिवार सुबह फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली है। सराफ प्रभाकर शिंदे इस कदर तनाव में आ जाएंगे कि वह आत्महत्या कर लेंगे ये तो उनके साथ रहने वाले सराफ ने भी नहीं सोचा था, प्रभाकर की मौत पर सराफों ने भी दुख प्रकट किया।
मेरे पर देने के लिए कुछ नहीं बचा
मुरादाबाद। सराफ प्रभाकर शिंदे ने जो सुसाइड नोट लिखा है। उसमें बताया है कि वह इस आत्मघाती कदम के लिए खुद जिम्मेदार हैं। इसमें किसी का दोष नहीं है। उन्होंने लिखा कि मेरे पास किसी का देने को कुछ भी नहीं है। इसीलिए ये कदम उठाया है, मुझे माफ कर दें।.. प्रभाकर शिंदे।