प्रदेश में उर्वरकों की बिक्री पीओएस मशीन के माध्यम से किए जाने की अनिवार्यता के बावजूद बगैर पीओएस उर्वरक बिक्री करना 42 उर्वरक विक्रेताओं का महंगा पड़ गया। डीएम ने बगैर पीओएस मशीन के उर्वरक बेच रहे 42 विक्रेताआें के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
एक फरवरी से प्रदेश गो - लाइव हो जाने के कारण प्रदेश में उर्वरकों की बिक्री पीओएस मशीन के माध्यम से करने के निर्देश हैं। इसके बावजूद जिले में 42 उर्वरक विक्रेता बगैर पीओएस मशीन के उर्वरक बेचते पकड़े गए। इन सभी के खिलाफ डीएम ने उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कार्रवाई करते हुए सभी 42 उर्वरक विक्रेताओं के उर्वरक प्राधिकार पत्र निरस्त कर दिए हैं। सभी उर्वरक विक्रेताओं द्वारा पीओएस मशीन प्राप्त करने के बाद भी उर्वरक बिक्री में इसका इस्तेमाल नहीं किया गया। डीएम ने इन सभी उर्वरक विक्रेताओं के प्राधिकार पत्र निरस्त कर इनसे पीओएस मशीन वापस जमा कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने निर्देश दिया है कि पीओएस मशीन वापस नहीं करने वाले उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी जाए।