पूर्व सांसद के बेटे ने की फायरिंग, मचा रहा हड़कंप
कैंट में वारदात, एक दिन पहले ही जेल से छूटा है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कैंट के गणेश नगर में पूर्व सांसद के बेटे ने फायरिंग कर सनसनी फैला दी। गनीमत रही कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। कैंट पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कैंट के गणेश नगर में रहने वाला देवानंद म्योराबाद में रेस्टोरेंट चलाता है। पुलिस के मुताबिक,उसके भाई अच्युतांनद ने बताया कि रोज की तरह बृहस्पतिवार रात देवानंद घर पर चला आया। इसी दौरान पूर्व सांसद सुरेश पासी का बेटा शिवांग पासी अपने दो-तीन साथियों संग वहां आ धमका और गालीगलौच करने लगा। देवानंद ने विरोध किया तो उसने असलहा निकालकर फायर झोंक दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि पता चला है कि दोनों के बीच पैसों का विवाद है। रेस्टोरेंट में पार्टनरशिप की भी बात सामने आई है जिसकी जांच की जा रही है। आरोपी शिवांग हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। एक दिन पहले ही वह जेल से छूटकर आया है। कैंट इंस्पेक्टर रमेश सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।