मुरादाबाद रेल मंडल में गुरुवार को दो जगह वाहनों की टक्कर से रेल फाटक टूट गए। जिससे रेल संचालन बाधित हो गया। गेटमैनों की सूचना पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और फाटक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
मंडल के धामपुर के पास गेट संख्या 455 सी है। गेटमैन ने प्रकाश यादव ने ट्रेन पास कराने के लिए फाटक बंद किया। इसी दौरान तेजी से ट्रक आया और फाटक में टक्कर मार दी। जिससे बूम टूट गया। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से कोई ट्रेन नहीं गुजरी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गेट मैन ने इसकी जानकारी नौ बजकर दस मिनट पर स्टेशन मास्टर धामपुर को दी गई। इसके बाद रेलवे कंट्रोल में सूचना भेजकर रेल संचालन बंद करा दिया गया। सूचना मिलने पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और फाटक की मरम्मत की। पौने एक बजे फाटक ठीक करने के बाद रेल संचालन शुरू हुआ। इस हादसे की वजह से अकाल तख्त एक्सप्रेस, कोलकाता एक्सप्रेस, जम्मूतवी गुवाहाटी एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, गोरखपुर देहरादून एक्सप्रेस के अलावा दो मालगाड़ियां भी जहां तहां रोक दी गई थी। साढ़े तीन घंटे बाद रेल संचालन शुरू हो पाया। इसके अलावा तिलहर यार्ड के पास स्थित गेट संख्या 334 बी में ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। बूम टूटने से जिससे रेल संचालन बाधित हो गया। फाटक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।