मुरादाबाद। मझोला के कांशीराम आवासीय योजना में सोमवार देर रात तीसरी मंजिल से जीने का छज्जा गिर गया। हादसे के समय बिजली मैकेनिक छज्जे पर खड़ा था। इस हादसे में कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया।
मूलरूप से आदर्श कालोनी निवासी प्रदीप कुमार (40) पुत्र सुंदर सिंह का कांशीराम नगर आवासी योजना सोनकपुर में तीसरी मंजिल पर मकान नंबर 240 है। परिवार में पत्नी राजवाला, दो बेटियां खुशी व मुस्कान हैं। प्रदीप कुमार निजी तौर पर बिजली का कार्य करता था। परिजनों ने बताया कि प्रदीप की पत्नी अपनी बेटियाें को लेकर मायके गई थी। सोमवार रात प्रदीप अपने घर में अकेला था। रात करीब साढ़े बारह बजे वह छत पर सोने जा रहा था। इसी दौरान जर्जर छज्जा गिर गया। जिसके साथ प्रदीप भी नीचे आकर गिरा। जिसमें प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। छज्जा गिरने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि प्रदीप खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस और प्रदीप के परिजनों को दी। जिंदगी की आस में परिजन प्रदीप को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक प्रदीप की सांसें थम चुकी थी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस शक्ति सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।