नगर निगम की लापरवाह रवैया से गुस्साए शिव भक्त और व्यापारियों ने ‘गांधीगीरी’ का सहारा लिया है। अधिकारियों से शिकायत करके निराश हो चुके लोगों ने बैनर लगाकर नगर निगम का धन्यवाद अदा किया। चौरासी घंटा मंदिर को आने वाली सड़कों पर गड्ढों से नाराज शिव भक्तोें ने मंदिर के बाहर बैनर लगाकर रोष जाहिर किया। उन्होंने बैनर पर आभार जताया कि मंदिर पर जलाभिषेक के लिए उन्हें गड्ढों वाली सड़क पर पैदल चलकर आना पड़ा। वहीं कटरा नाज पर नगर निगम के मूत्रालय के बाहर पड़ी गंदगी से नाराज व्यापारियों ने भी बैनर लगा दिए।
दरअसल चौरासी घंटा मंदिर पर लोगों में नगर निगम की लापरवाही पर शुरू से गुस्सा है। सड़कों पर गड्ढों को लेकर लोगों ने हंगामा किया था। निगम के कर्मचारियों से तीखी नोकझोक के बाद मेयर ने हॉट मिक्स की सड़क बनाने के आदेश जारी किए थे, लेकिन मौसम की वजह से फिलहाल मरम्मत ही करवाई जा सकी थी। पैचवर्क के बावजूद सभी गड्ढे ठीक नहीं हो सके थे। लिहाजा शिवरात्रि पर भक्तों को गड्ढों वाली सड़क से ही आना पड़ा। इसके अतिरिक्त कटरा नाज पर नगर निगम के मूत्रालय के पास ही गंदगी डाली जाती है। लोगों को यहां से उठने वाली दुर्गंध से परेशानी होती है। इसकी शिकायतों के बावजूद कभी व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी।
चौरासी घंटा मंदिर पर लगे बैनर पर यह लिखा :
‘महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सभी शिव भक्त नगर निगम मुरादाबाद का आभार व्यक्त करते हैं। जिनके विशेष सहयोग के कारण हम गड्ढों वाली सड़कों पर चलकर आए।’
कटरा नाज में नगर निगम का सार्वजनिक मूत्रालय पर लिखा :
‘महाशिव रात्रि के इस पावन पर्व पर नगर निगम मुरादाबाद का सफाई व्यवस्था के लिए धन्यवाद। योगी जी देखिए स्वच्छ भारत की तस्वीर’
पूरी रोड का टेंडर हो चुका है। बारिश की वजह से रोड़ी गीली थी, अन्यथा निर्माण पहले ही करा दिया जाता। मंदिर पर साफ सफाई के मेरे पास ढेरों तस्वीरें वहां के लोगों ने ही भेजी है। वह लोग खुश है। अब यह बैनर किस मंशा से लगे फिलहाल कहना मुश्किल है। अगर कहीं कोई गड़बड़ी है तो उन्हें ठीक किया जाएगा। लापरवाही करने वालों का उत्तरदायित्व तय किया जाएगा। - संजय चौहान, नगर आयुक्त