किसरौल डकैती कांड का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। पीड़ित पीतल कारोबारी और उनके परिजनों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए आईजी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं दूसरी ओर आईजी के निर्देश पर एसएसपी ने उनके घर पर पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के लिए तैनात कर दिया है।
नागफनी थानाक्षेत्र स्थित किसरौल में पीतल कारोबारी हाजी मोहम्मद यासीन का परिवार रहता है। 23 नवंबर की रात को उनके घर पहुंचे हथियार बंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर 30 लाख के गहने और नकदी लूट ली थी। इसके बाद पुलिस की टीम ने कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया लेकिन वारदात का खुलासा नहीं हो सका है। आरोप है कि लुटेरों के कई गिरोह के सदस्य पुलिस ने उठाए। हाजी मोहम्मद यासीन पहले दिन से ही घर पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात करने की मांग कर रहे थे लेकिन पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं की गई । पीड़ित परिवार ने आईजी से शिकायत करते हुए कहा कि अज्ञातों की ओर से परिवार को धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद से वह लोग और भी ज्यादा दहशत में आ गए हैं। परिवार वालों की जान को खतरा है। आईजी बीके सिंह के निर्देश पर हाजी मोहम्मद यासीन के घर सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई है। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध हिरासत में है, टीमें अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रहीं हैं। जल्द ही इस वारदात का खुलासा किया जा सकता है।