कुंदरकी। चार दिन पहले यानि बीते मंगलवार को मात्र छह घंटे के अन्तराल में बाइकर्स गैंग ने मुरादाबाद-संभल हाईवे पर ग्राम लालपुर हमीर के निकट बाइक सवार पशु व्यापारी मोहम्मद सलमान निवासी गुलशन नगर असालतपुरा थाना गलशहीद मुरादाबाद से गन प्वांइट पर लेकर 90 हजार की नकदी लूट कर ले गए थे। घटना के वक्त पशु व्यापारी क्षेत्र में ही ताहरपुर की पशु बाजार को आ रहा था। वहीं लूट की दूसरी घटना मैनाठेर थाना क्षेत्र में ही ग्राम ताहरपुर से लालपुर गंगवारी को जाने वाले संपर्क मार्ग पर हुई थी। यहां पर ई-रिक्शा को रोककर उसमें बैठे किसान जरीफ अहमद निवासी ग्राम लालपुर गंगवारी थाना मैनाठेर से बदमाशों ने असलहों के बल पर डरा धमका कर 63 हजार की नगदी लूट ली गई थी। पीड़ित किसान ने ताहरपुर की पशु बाजार में अपनी भैंस बेची थी और रकम को लेकर अपने गांव की लौट रहा था तभी रास्ते में बाइकर्स गैंग ने वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी थी। तत्काल ही पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर सिंह भी घटना स्थल पर आए थे और पीड़ित किसान से घटना की जानकारी की थी। लूट की दोहरी वारदात को चार दिन बीत चुके है लेकिन मैनाठेर पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। पीड़ित किसान जरीफ अहमद ने एसएसपी देकर लुटेरों की गिरफ्तारी और लूट गई धनराशि को बरामद करने की गुहार लगाई है। पीड़ित किसान ने मैनाठेर पुलिस ने उसकी लूट की घटना का चोरी में दर्ज करने का भी आरोप लगाया है।