मुरादाबाद। होटल मानसरोवर पैराडाइज में छात्रा से गैंगरेप की मामले में होटल संचालक ऋषि छाबड़ा से महिला थाने में दो घंटे तक पूछताछ की गई। होटल को भी अब जांच के घेरे में लिया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नोटिस मिलने के बाद थाने पहुंचे छाबड़ा ने ज्यादातर सवालों पर चुप्पी साधे रखी। शनिवार को होटल मैनेजर और दो कर्मचारियाें के साथ थाने पहुंचे छाबड़ा से महिला थाने की इंस्पेक्टर रजनी द्विवेदी ने पूछताछ की। उसने बताया कि छात्रा आरोपियों के साथ होटल आई थी। होटल के कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उस वक्त ऐसा नहीं लग रहा था कि होटल में उसे जबरन लाया गया हो। इसके बाद पुलिस ने सवाल शुरू किए कि बिना अभिभावक के वह होटल पहुंची तो उसके परिवार के बारे में जानकारी होटल प्रबंधन ने की थी या नहीं? उसे गेट पर ही क्यों नही रोका? होटल में शराब पिलाई गई, जिस कमरे में वह रुकी थी उसमें शराब तक लेकर होटल कर्मचारी गया था। होटल प्रबंधन ने छात्रा के शराब पीने पर आपत्ति क्यों नहीं जताई थी? ज्यादातर सवालों के जवाब होटल मालिक नहीं दे सका। इस मामले में पुलिस ने होटल प्रबंधन से पूछताछ के लिए सवालों की लंबी सूची तैयार की है। वारदात के वक्त होटल में मौजूद कर्मचारियों के बारे में जानकारी मांगी गई है। होटल के मैनेजर ने बताया कि वारदात के वक्त वह छुट्टी पर था। होटल मालिक से सभी सवालों के लिखित जवाब लिए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। पूछताछ के लिए होटल मालिक को दोबारा थाने बुलाया गया है।
पुराने केस भी ब्यौरा खंगालना शुरू
मुरादाबाद। छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में होटल से संबंधित पुराने केस का भी ब्यौरा खंगाला जा रहा है। जांच अधिकारी रजनी द्विवेदी ने बताया कि मझोला पुलिस से इस संबंध में जानकारी मांगी गई है। सूचना है कि होटल का नाम पूर्व में भी आपराधिक वारदातों में सामने आया है।
‘ होटल में नाबालिग छात्रा को ले जाया गया। वहां पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात की गई है, इस मामले में होटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वारदात सीसीटीवी में कैद है। होटल के कर्मचारियों, मैनेजर, मालिक सभी से उनकी जिम्मेदारियों के बारे में सवाल जवाब किए गए हैं। छात्रा ने 164 के बयान में सिपाही देवेंद्र और विवेक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में कैद अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी की जा रही है। कॉल डिटेल के माध्यम से भी आरोपियों की भूमिका का पता करेंगे।’ - जे रविंद्र गौड, एसएसपी