मुरादाबाद।
मुरादाबाद से पति के साथ घर लौट रही महिला पैसेंजर ट्रेन से नीचे गिर गई। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया कि उसे पति ने धक्का दिया है। भगतपुर थानाक्षेत्र के भानपुर गजरौला निवासी रेखा रविवार शाम रोशनपुर रेलवे स्टेशन के पास घायल अवस्था में मिली थी। लोगों ने उसे घायल अवस्था में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। जहां महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ मुरादाबाद से घर लौट रही थी। सफर के दौरान वह टायलेट जाने के लिए अपनी सीट से उठी थी। गेट के पास पीछे से कोई आया और उसे ट्रेन से टक्कर दे दिया। उसका पर्स भी छीन लिया। महिला ने बताया कि ट्रेन में उसके पति मौजूद थे। उससे शक है कि पति ने ही उसे धक्का दे दिया है। भगतपुर थाना प्रभारी प्रिंस शर्मा ने बताया कि महिला जिला अस्पताल में भर्ती है। उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।