मुरादाबाद।
दुष्कर्म के आरोप में कटघर पुलिस ने मंगलवार दोपहर को बल्देवपुरी से रामपुर के सहकारी बैंक के कथित डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है।
एसएचओ कटघर संजय गर्ग ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी वेदराम निवासी चौधरपुर जिला रामपुर है। वह खुद को रामपुर के सहकारी बैंक का पूर्व डायरेक्टर बताता है। आरोप है कि मूंढापांडे में रहने वाली एक महिला के घर जान पहचान होने के कारण आरोपी का आना जाना था। महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है, वह पति से अलग रहती है। आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर ले लिया था, उससे बातचीत करता था। फरवरी माह में आरोपी महिला के घर पहुंचा और उसे लेकर बल्देवपुरी आया। यहां पर आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद एक मकान में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि आरोपी ने उसका एमएमएस भी बना लिया था। आरोपी ने उसे यह कहकर धमकाया था कि अगर उसने मामले की शिकायत पुलिस से की तो वह एमएमएस वायरल कर उसे बदनाम कर देगा। महिला शांत रहीं लेकिन आरोपी बाज नहीं और वह महिला को प्रताड़ित करने लगा, उसे मिलने के लिए बुलाने लगा। इससे परेशान होकर जुलाई माह में शिकायत की गई थी। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी के सहकारी बैंक में डायरेक्टर होने की पुष्टि नहीं हो सकी है।