मझोला पुलिस ने ओएलएक्स पर कार बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक कार और एक लाख 59 हजार रुपये बरामद किए हैं। गुरुवार दोपहर बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
मझोला इंस्पेक्टर विकास सक्सेना बताया 18 जून को अमर सिंह निवासी रसीदपुर थाना सलेमपुर जनपद बुलंदशहर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें अमर सिंह ने बताया कि एक माह पहले उन्होंने ऑन लाइन शॉपिंग साइट ओएलएक्स पर एक वैगनार कार का फोटो देखा था। कार की फोटो अपलोड करने वाले युवक ने बताया कि वह पौने दो लाख रुपये में कार बेचना चाहता है। अमर सिंह ने कार खरीदने के लिए कहा और डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय कर लिया था। दस हजार रुपये युवक के बैंक खाते में भेजे दिए थे। कार खरीदने के लिए अमर सिंह को मझोला बुलाया गया और उनसे दो युवक कार लेकर मिलने पहुंचे। अमर सिंह से 1.40 लाख रुपये ले लिए और कार दिखाई। इसके बाद आरटीओ कार्यालय जाकर कार को अमर सिंह के नाम ट्रांसफर करने के लिए कहा गया था। इसी दौरान आरोपी बदमाशों ने अमर सिंह को नशीली गोलियां खिलाकर उसे बेहोश कर दिया था और कार लेकर फरार हो गए थे। आरोपियों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जिसके जरिये पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने गुरुवार को बुद्धि विहार स्थित बुद्धा पार्क से मनोरुस्तम त्यागी निवासी देहरी गुर्जर थाना आदमपुर जनपद अमरोहा, कृपाल निवासी मलहपुर थाना अतरौैली अलीगढ़ और अंकित निवासी बुद्घि विहार थाना मझोला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से वैगनआर कार और एक लाख 59 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।