मुरादाबाद। सहारनपुर में शनिवार तड़के करीब तीन बजे चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेन में हुई डकैती की घटना ने रेलवे में हड़कंप मचा दिया। जीआरपी ने इस घटना के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई हैं। इसके अलावा मंडल के अन्य जीआरपी थाने की पुलिस को सतर्क किया है । शनिवार को जीआरपी ने चार संदिग्ध बदमाशों को उठाया है। राजकीय रेलवे पुलिस इन संदिग्धों से पूछताछ की गिरोह तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
मदुरई से देहरादून जा रही चेन्नई एक्सप्रेस (12687) ट्रेन सहारनपुर पहुंची। ट्रेन यहां रुकने के बाद रुड़की के रवाना हुई। इसी दौरान बदमाशों ने चेन पुलिंग कर तीन कोचों में धावा बोलकर यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। आधे घंटे से ज्यादा वक्त तक बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर एक यात्री पर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर सहारनपुर और रुड़की जीआरपी मौके पर पहुंची और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। सहारनपुर जीआरपी के सीओ राम रतन मिश्रा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। टीमों ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।