शादी समारोह में युवा से लेकर बुजुर्ग सभी गोलियां तड़तड़ा रहे थे। उन्हें किसी ने रोकने का प्रयास तक नहीं किया। बताया जा रहा है कि पुरूष तो छोेड़िए महिलाएं भी खुद कारतूस निकालकर आ रही थीं। बारात चढ़त शुरू हुई तो दुल्हन के परिजन अपने अपने हथियार निकाल आए। कोई लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर रहा था तो कोई अवैध हथियार से गोलियां तड़तड़ा रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि शादी समारोह में अधिकांश लोग नशे की हालत में थे। दुल्हन के दादा जसवीर और उसके भाई कृष्णा पाल के अलावा भी तमाम लोग फायरिंग कर रहे थे। बारात में डांस को लेकर भी कई बार धक्का मुक्की हुई। बारात जैसे ही आगे बढ़नी शुरू हुई तो एक के बार एक कई फायरिंग की गई। इन लोगों को किसी ने रोकने का प्रयास तक नहीं किया। होड़ ऐसी मची थी कि कोई भी खुद को किसी ने कम आंकने को तैयार नहीं था। इनके घरों की महिलाएं भी कारतूस लाकर इन्हें दे रही थी। जिससे एक हर्ष फायरिंग की शुरुआत हुई तो दो महिलाओं की मौत के बाद ही खत्म हुई।
निरस्त होंगे हथियारों के लाइसेंस
मुरादाबाद। एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि इस मामले में जसवीर और उसका भाई कृष्णपाल को गिरफ्तार किया गया है। जसवीर के कब्जे से अवैध बंदूक और कृष्ण पाल के कब्जे से लाइसेंसी बंदूक बरामद की गई है। इसके अलावा भी कई हथियारों से फायरिंग की बात सामने आई है। हथियारों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। सभी के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।