पाकबड़ा (मुरादाबाद)। आरटीआई कार्यकर्ता कासिम सैफी को इंसाफ दिलाने के लिए उसके परिवार वालों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। हत्यारोपी सपा नेता हारून सैफी की गिरफ्तारी की मांग की गई और जिलाधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा है।
कासिम हत्याकांड में हत्यारोपी पूर्व प्रधान और सपा नेता हारून सैफी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कासिम सैफी का पूरा परिवार सोमवार को जिलाधिकारी और एसएसपी के कार्यालय के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गया। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। आरटीआई कार्यकर्ता की पत्नी गुलहाशमीन, उसकी मां नसीमा, पिता साबिर हुसैन, भाई शाकिर हुसैन ने बताया की कासिम सैफी की अपहरण और हत्या को करीब पांच माह बीत चुके हैं। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया था, फिर भी हत्यारोपी सपा नेता को गिरफ्तार नहीं किया गया। विवेचना के नाम पर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। भूख हड़ताल के चलते कासिम सैफी की मां नसीमा बेगम की हालत बिगड़ गई। देर शाम एसपी सिटी अंकित मित्तल धरना एवं भूख हड़ताल खत्म करवाने पहुंचे, लेकिन कासिम का परिवार नहीं माना।