मुरादाबाद। बांट माप विभाग ने ऑयल कंपनी अधिकारियों के साथ गुरुवार को रोडवेज स्टेशन रोड से लेकर काशीपुर तिराहा तक पेट्रोल पंपों में पेट्रोलियम पदार्थों में मिलावट एवं घटतौली की जांच की। एक पंप में पांच लीटर पेट्रोल में 20 एमएल की घटतौली मिली। हालांकि, इसमें कार्यवाही नहीं हुई। विभागीय अधिकारियों ने पंपों में ग्राहकों के वाहनों में हवा भरने, गर्मियों में वाटर कूलर नियमित सुचारु करने के साथ शौचालय व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। दोपहर में बांट माप विभाग के निरीक्षक एच गंगवार, पूर्ति विभाग के एआरओ जाकिर हुसैन और आईओसी के बिक्री अधिकारी संजय सिंह ने रोडवेज स्टेशन रोड के पंपों में पहुंचे। टीम को देख पंप कर्मियों में हड़कंप मच गया। टीम ने पंपों में मिलावट और घटतौली की जांच की। हालांकि, व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली। अधिकारियों ने बताया कि पांच लीटर ईंधन में 20 एमएल अधिक और कम मानकों के अनुरूप है।