मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में लंबे समय से खेल चल रहा था। इस मामले में जांच शुरू हुई तो परतें खुलनी शुरू हो गई हैं। सीनियर डीसीएम ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी और इस खेल में शामिल सभी कर्मचारियों को चार्जशीट दी जाएगी। इसके अलावा पहले से किन किन कर्मचारी व इंचार्ज की भूमिका रही है। इस मामले की जांच होगी।
पार्सल कार्यालय में घोटाले की शिकायत मिलने पर सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने टीम गठित की थी। सोमवार को टीम ने रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय पर छापा मारा। बड़ा खेल पकड़ा गया था। पैकेटों का वजन सामने करवाया तो पता चला कि वजन में काफी अंतर है। जिस कारण बाबू से 4125 रुपये अंडर चार्ज (भाडे़ का अंतर) रेलवे को जमा करवाया गया था। इसके अलावा मुरादाबाद से मुजफ्फरपुर के लिए पार्सल बुक किए गए हैं। जांच में पता चला कि इसी रसीद के जरिये दूसरा माल भी बुक किया गया है। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पार्सल घोटाले के खेल में जो भी कर्मचारी व अधिकारी शामिल हैं। सभी को चार्जशीट जारी की जाएगी।