चंदौसी। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय महिला के गले से उचक्कों ने सोने की चेन खींच ली। महिला ने घटना की तहरीर थाना जीआरपी में दी है। जीआरपी ने तहरीर तो ले ली है लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
प्रमुख त्योहारों पर ट्रेन बसों में बेशुमार भीड़ रहती है। ऐसे में चोर, उचक्के व जेब कतरे सक्रिय हो जाते हैं। जो भीड़ का लाभ उठाकर चेन स्नैचिंग, जेब काटने, चोरी आदि की वारदात को अंजाम देते है। रविवार को भी भीड़ का फायदा उठाते हुए किसी ने महिला के गले से सोने की चेन साफ कर दी। शहर के मोहल्ला देवी निवासी एक महिला रविवार की सुबह दस बजे अपने पति के साथ अलीगढ़ जाने के लिए घर से निकली। वह अलीगढ़ जाने के लिए 11 बजे बरेली अलीगढ़ ट्रेन आने पर वह उसमे चढ़ने लगी। बेेशुमार भीड़ होने के कारण किसी ने पीछे से महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। इसकी जानकारी उसे बहजोई पहुंचने पर हुई। वह अलीगढ़ न जाकर बहजोई उतर गई और वापस चंदौसी आ गई। थाना जीआरपी में आकर महिला ने घटना की तहरीर दी। जबकि जीआरपी मामले को दबाने में लगी हुई है। वह घटना से इंकार कर रही है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।