टांडा (रामपुर)। मुशायरे के दौरान दीवार गिरने से हुई घटना के मामले में 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। इसमें आरोपियों द्वारा पंडाल में तोड़फोड़ करने, आयोजकों तथा छात्राओं के साथ अभद्रता, धक्कामुक्की कर मारपीट करना, पुलिस के साथ धक्कामुक्की कर सरकारी व कार्य में बाधा उत्पन्न करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीते शुक्रवार की रात को नगर के मोहल्ला पड़ाव के मैदान में आयोजित मुशायरे के दौरान पास स्थित मकान से दीवार गिरने घटना में 7-8 बच्चे घायल हो गए थे। घायलों को आनन फानन में टांडा सीएचसी भेजा गया था। चिकित्सकों ने घायलों को बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद और रामपुर भेज दिया। इस दौरान मौजूद अज्ञात व्यक्तियों ने आयोजक पालिकाध्यक्ष मेहनत जहां, पालिकाध्यक्ष पति लाला मकसूद, नगर पालिका, अधिशासी अधिकारी राजेश सिंह राणा तथा आयोजन में सम्मिलित नगर स्थित दो निजी विद्यालयों की छात्राओं के साथ अभद्रता, धक्कामुक्की करते हुए मारपीट की गई थी। इस दौरान अज्ञात स्टेज पर रखे इनाम तथा दूसरे कीमती सामान लूट ले गए थे। सीओ स्वार राहुल कुमार ने बताया कि तोड़फोड़ का मामला गंभीर है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।