मिलक। युवक ने दवा लेने गई किशोरी की अस्मत लूट ली। आरोपी किशोरी को बेहोशी की हालत में पशुशाला में छोड़ गया। होश आने पर आरोपी के दो साथी किशोरी को उसके गांव छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण की नाबालिग बेटी रविवार को करीब तीन बजे दवा लेने के लिए मिलक आई थी। किशोरी का आरोप है कि कोतवाली क्षेत्र के वेहटा गांव निवासी हरीश कुमार गंगवार दो साथियों के साथ बाइक से आया और दवा दिलाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। किशोरी का आरोप है कि आरोपी उसे अपनी कपड़े की दुकान पर ले गया। यहां उसने किशोरी की अस्मत लूटी। दुष्कर्म के बाद आरोपी उसे सुनसान जगह में बने पशुशाला में छोड़ गया। किशोरी पूरी रात बेहोशी की हालत में पड़ी रही। किशोरी को होश आने पर आरोपी के दो साथी उसको गांव छोड़कर भाग गए। सोमवार की सुबह घर पहुंचने पर पीड़िता ने परिजनों को घटना बताई। वहीं, परिजन रविवार की रातभर किशोरी को खोजते रहे, लेकिन वह नहीं मिली। सोमवार को किशोरी के साथ परिजन कोतवाली पहुंचे और उन्होंने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। साथ ही किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है।