बहजोई। गश्त कर रही यूपी 100 ने बदमाशों को टोका तो बदमाशों ने हवाई फायर कर दिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस बीच बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। बुधवार की रात यूपी 100 पुलिस बाइक पर सवार होकर नगर में गश्त कर रही थी। पुलिसकर्मियों में कांस्टेबिल संजय कुमार के मुताबिक वह होमगार्ड अशोक कुमार के साथ गश्त कर रहे थे। रात डेढ़ बजे करीब मोहल्ला गोलागंज में कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए टोका तो वह हवाई फायर करते हुए भाग गए। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रात तीन बजे तक कांबिंग की, लेकिन कोई बदमाश हाथ नहीं आ सका। कांस्टेबिल ने बताया कि घटना के बाद मोहल्ले में लोगों को सतर्क रहने की बात कही गई। इस बीच मौके से एक सीढ़ी बरामद हुई।