कांठ। बैंक मैनेजर के बंद मकान के ताले तोड़कर घुसे चोर लाखों का माल चोरी कर ले गए। मोहल्ले वालों ने सुबह ताले टूटे देखे तो बैंक प्रबंधक को फोन से जानकारी दी। थाना पुलिस ने भी मौका मुआयना किया है। प्रबंधक फोन पर चोरी हुए माल की सही जानकारी तो नहीं दे पाए, फिर भी उन्होंने लाखों की चोरी की बात कही है।
कस्बे के मोहल्ला फकीरगंज निवासी मुनिराज सिंह ठाकुरद्वारा के करनपुर स्थित प्रथमा बैंक में प्रबंधक हैं। उनका मकान मुरादाबाद हाईवे किनारे पुरानी तहसील के पास है। तीन दिन पूर्व मुनिराज सिंह घर बंद करके परिवार के साथ बेटे का उपचार कराने लखनऊ गए थे। बृहस्पतिवार की रात किसी वक्त अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोर जीने के चैनल का ताला तोड़कर दूसरी मंजिल पर पहुंचे। वह ताले तोड़कर ऊपर बने कमरों में घुसे बेड खंगाले और दो अलमारी के लॉक तोड़ लॉकर में रखी नकदी, कीमती जेवरों के साथ ही दो गैस सिलिंडरों, माइक्रोवेव, एलईडी टीवी, फ्रिज, दो बैटरों लैपटॉप सहित लाखों का सामान चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह मोहल्ले के लोगों ने जब घर के मुख्य गेट के ताले टूटे देखे तो बैंक प्रबंधक को जानकारी दी। बैंक प्रबंधक के कुछ रिश्तेदार भी आ गए। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा था। बैंक प्रबंधक को फोन पर घर के स्थिति के बारे में बताया गया। बैंक प्रबंधक चोरी गए सामान की सही जानकारी तो नहीं दे पाए लेकिन उन्होंने लाखों की चोरी होने की बात बताई है। सूचना पर पुलिस ने भी मौका मुआयना किया है। शुक्रवार दोपहर वह लखनऊ से घर के लिए चल दिए थे।