इंश्योरेंस कंपनी का जनरल मैनेजर बनकर एक पुलिसकर्मी से 2.96 लाख रुपये की ठगी कर ली गई है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में बुधवार को एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि 9वीं पीएसी में कार्यरत हेड कांस्टेबल मुबारक हुसैन बरेली के हाफिजगंज के रहने वाले हैं। उनके दो बीमा पालिसी मैक्स लाईफ इंश्योरेंस कंपनी की मुरादाबाद स्थित ब्रांच में चल रही है। मुबारक हुसैन ने बताया कि 11 जनवरी को उनके मोबाइल पर फोन कर एक व्यक्ति ने कहा कि वह मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के मुख्यालय से जनरल मैनेजर बोल रहा है। उसने बताया कि आपकी दो पालिसी चल रही है, उसके नौ लाख रुपये आपके खाते में डालने हैं। इसके लिए 2.96 लाख रुपये तीन बार में जमा करने होंगे, जिसका दोगुना पांच साल बाद वापस किया जाएगा। पुलिसकर्मी ने रकम फोन करने वाले व्यक्ति के द्वारा बताए गए बैंकखातों में डाल दी। आरोप है कि 2.96 लाख रुपये जमा करने के बाद इंश्योरेंस पालिसी की 9 लाख रुपये की धनराशि पुलिसकर्मी के खाते में नहीं डाली गई। 2.96 लाख रुपये की धोखाधड़ी होने पर एसएसपी से शिकायत की गई। एसएसपी के निर्देश पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई है। सीओ ने बताया कि जल्द ही फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।