जमीन के विवाद में फायरिंग, पांच घायल
टांडा (रामपुर)। नगर में उस समय दहशत फैल गई जब शुक्रवार को दो गुट अचानक आपस में भिड़ गए। इससे हड़कंप मच गया और इसी बीच एक गुट में शामिल एक व्यक्ति ने दूसरे गुट के व्यक्ति को गोली मार दी। घटना में एक युवती समेत पांच लोग घायल हो गए। गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने दो पक्षों के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला मोतीनगर में तीन भाई चंद्रपाल, नंदराम और बब्लू पुत्र धर्मा रहते हैं, जिनमें आपसी बंटवारे को लेकर कुछ समय से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे झगडे़ ने बड़ा रूप ले लिया। पहला पक्ष चंद्रपाल और दूसरा पक्ष नंदराम और बब्लू में जमकर गालीगलौज हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गयी। इसी बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ऊपर फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक घायल हो गया। अचानक हुए झगडे़ से मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल हो गया। घायलों को तुरंत नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। घायलों में एक पक्ष के अजय और रवि, दूसरे पक्ष के अमन, बब्लू और एक युवती अंशु घायल हो गयी। इनमें से रवि और अजय की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में चंद्रपाल ने नंदराम, अमन और बब्लू के खिलाफ तथा बब्लू ने चंद्रपाल, अजय और रवि के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।