परिजनों को बंधक बनाकर पांच घरों में लूट
चंदौसी (संभल)। शहर कोतवाली क्षेत्र के अंबेडकर नगर पथरा गांव में नकाबपोश बदमाशों ने पांच घरों में घुसकर परिजनों को बंधक बनाकर करीब ढाई लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लूट ली। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद 100 डायल पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।
चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के अंबेडकरनगर पथरा गांव में शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे पांच नकाबपोश बदमाश पीछे की दीवार से छत पर चढ़ने के बाद जगदीश के घर में घुस आए। अलग अलग कक्षों में सो रहे उसके पुत्र चरन सिंह, किशनपाल आनंद, बेटी चांदनी व पत्नी कैला वती को जगाकर एक कमरे में बैठाया। कैलादेवी को गनप्वाइंट पर लेकर लूटपाट शुरू कर दी। 11 हजार रुपये नकदी के साथ तीन जोड़ी खड़वे, पांच जोड़ी कुंडल सोने के, एक मंगलसूत्र सोने का, चार मंगल सूत्र चांदी के, चार पैंडिल चांदी के, एक हंसली सहित करीब एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लूट ली। इसके बाद परिजनों को कमरे में बंद करके कुछ दूरी पर महिलाल पुत्र टीकाराम के घर में घुसे। यहां पत्नी मिथलेश, पुत्र वीरेश, विशाल, सरल, सुरेंद्र, विवेक आदि सो रहे थे, सभी को जगाया। मिथलेश को की कनपटी पर तमचा रखकर लूटपाट शुरू कर दी। नौ हजार की नगदी, सोने चांदी के जेवर सहित चालीस हजार रुपये की संपत्ति लूट ली। इसके बाज विक्रम सिंह के घर घुसे, पूरा परिवार हिमांचल प्रदेश में मजदूरी करता है, घर मेंसिर्फ महिलाएं थी, बदमाशों ने घर जाकर पहले महिलाओं से खुद को मेहमान बताकर पानी मांगा। फिर घर में घुसकर 2500 रुपये, सोने चांदी के जेवर सहित करीब एक लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। इसके बाद वीर सिंह पुत्र राम लाल के घर में घुसकर पांच हजार की नगदी, जेवर समेत करीब पचास हजार रुपये की संपत्ति और लटूरी पुत्र डालचंद्र के घर में घुसकर एक मोबाइल फोन व 480 रुपये लूट लिए। जाते समय फायर किया और भाग निकले। महिलाल ने 100 नंबर को फोन किया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी रंजन शर्मा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।