साइड मांगने पर रोडवेज बस चालकों में मारपीट, हंगामा
सूचना पर दोनों चालकों को कोतवाली ले आई पुलिस, हुआ समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
चंदौसी(संभल)।
नगर के आजाद रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार को जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। सुबह करीब 10:15 बजे बस हटाने को लेकर पीतल नगरी डिपो और सोहराब गेट डिपो केे चालक में विवाद हो गया। विवाद के बाद चालकों में जमकर मारपीट हुई। हंगामा होने लगा। सोहराब गेट डिपो के चालक ने 100 डायल को घटना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों चालकों को कोतवाली ले आई।
रोडवेज बस स्टैंड पर सोहराब गेट डिपो के चालक विपिन कुमार पुत्र सुधीर कुमार और पीतल नगर डिपो के चालक अमित कुमार पुत्र ओंकार सिंह में बस को हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर जमकर मारपीट हुई। करीब आधा घंटे तक हंगामा होता रहा। 100 डायल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा और मारपीट के आरोपी दोनों चालकों को कोतवाली पुलिस अपने साथ ले आई। दोनों पक्षों में सुलह के लिए करीब एक घंटे तक मशक्कत होती रही। दोपहर को दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल समानिया ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। दोनों में से किसी पक्ष ने भी कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी है।
चालकों की मनमानी से रोडवेज पर दिन भर जाम के हालात
चंदौसी। रोडवेज स्टैंड के सामने दिन भर जाम के हालात बने रहते हैं। चालकों की मनमानी और बेतरतीब संचालन से आवागमन बाधित रहता है। मनमानी के कारण बस स्टैंड के बाहर बीच सड़क पर खड़ी बसों से मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ता है।