कांठ रोड पर पीवीआर सिनेमा के पास कांवड़ियों के लिए लगाए जा रहे राहत शिविर कैंप में तोडफोड़ मारपीट का आरोप है। इसके विरोध में थाने में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उनको शांत किया है।
बृहस्पतिवार को बजरंग दल के महानगर संयोजक वरुण शर्मा ने पुलिस को बताया कि कांठ रोड पर महाशिवरात्रि के पर्व के मद्देनजर राहत शिविर लगाया जा रहा था। इस दौरान ही बृहस्पतिवार शाम साढे़ छह बजे शरारती तत्व वहां पर पहुंचे। उन्होंने राहत शिविर में लगाई जा रही बल्लियों को उखाड़ दिया, टेंट में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर वहां पर मौजूद बुजुर्ग किरनपाल से मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी वहां पर राहत शिविर न लगने देने की धमकी देने के बाद वहां से भाग गए। किरनपाल ने इसकी जानकारी बजरंग दल के साथियों को दी। बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। किरनपाल के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। थाने में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन के दौरान अनिल, हिमांशु रावत, अभिनव, दीपक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में तहरीर दी, जिसमें तीन आरोपी नामजद हैं। एसएचओ सिविल लाइन शक्ति सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जिस स्थान पर राहत शिविर लगाया जा रहा था, एसएचओ ने बताया कि उस जमीन पर विवाद भी चल रहा है।