मुरादाबाद। कटघर में छेड़खानी के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज होकर जहर खाने वाली किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर वह मौत से जूझ रही है। अब तक इस मामले में पुलिस ने एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
कटघर निवासी किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई नहीं की। पुलिसकर्मियों से शिकायत करने पर आरोपियों ने किशोरी को अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली । ऐसे में किशोरी ने रविवार को जहर खा लिया और उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने दो सगे भाइयों सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली लेकिन अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। सोमवार को किशोरी के बयान को कटघर पुलिस अस्पताल पहुंची तो उसने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ छेड़खानी की है। विरोध करने पर मारपीट भी की। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज कर लिए हैं। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास करने का दावा पुलिस कर रही है। आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते ही एक्शन में आ जाती तो किशोरी को जहर नहीं खाना पड़ता। वह अस्पताल में जिंदगी के लिए यूं मौत से न जूझ रही होती। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई न होने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत की चेतावनी दी है।