नया मुरादाबाद में दोस्त के साथ बाइक पर घूम रही थी छात्रा
डिवाइडर से बाइक टकराने के बाद पेड़ से टकराया छात्रा का सिर
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। लाइनपार के गायत्री नगर में रहने वाली 12वीं कक्षा की बाइक सवार छात्रा की बुधवार को नया मुरादाबाद में हर्बल पार्क के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। छात्रा रिश्तेदार युवक के साथ नया मुरादाबाद गई थी। छात्रा घर से योगा करने के लिए निकली थी। परिजनों का आरोप है कि युवक उसे अगवा करके ले जा रहा था। पुलिस ने छात्रा को अगवा किए जाने से इंकार किया है। मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गायत्री नगर में रहने वाली जोगिंद्र सिंह प्राइवेट कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शैली (17) कक्षा 12 की छात्रा थी। कालोनी में ही जोगिंद्र की मां मायादेवी उनसे अलग मकान में रहती हैं। शैली भी रात को दादी के पास सोने के लिए गई थी। वहां से सुबह पांच बजे योगा करने के लिए रामलीला ग्राउंड जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पुलिस के मुताबिक, सुबह पौने छह बजे नया मुरादाबाद में युवती बाइक पर गोविंदनगर निवासी आशीष के साथ बाइक पर घूम रही थी। आशीष छात्रा का रिश्तेदार है। इस दौरान हर्बल पार्क के पास स्पीड ब्रेकर से बाइक उछलने के बाद डिवाइडर से जा टकराई। छात्रा बाइक से उछलकर सड़क किनारे खडे़ पेड़ से टकरा गई, उसके सिर में गंभीर चोट लगी। आशीष भी गंभीर घायल हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया, जहां छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया। युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। जोगिंद्र सिंह ने आशीष पर शैली को अगवा करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला शांत कराया। एसएचओ मझोला आरके नागर ने बताया कि छात्रा को अगवा करने का आरोप गलत है। घटनास्थल के पास मौजूद लोगों ने दोनों का साथ में घूमते हुए देखा है। मामला हादसे का है, हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
‘युवती खुद चला रही थी बाइक’
मुरादाबाद। हादसे के बाद घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची पुलिस को एक युवक ने बताया कि उसने छात्रा को बाइक चलाते हुए घटना से कुछ समय पहले देखा था। पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त छात्रा ही बाइक चला रही थी या नहीं यह स्पष्ट नहीं हो सका है। घायल युवक आशीष की हालत गंभीर है, उसकी हालत में सुधार आने के बाद पूछताछ की जाएगी।