मुरादाबाद।
बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा सहित पांच लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे की जांच अब एसएसआई कटघर अजयपाल सिंह को सौंपी गई है।
कटघर के शिवपुरी निवासी प्रमोद शर्मा का आरोप है कि दिल्ली में 30 सितंबर को उन्होंने इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड कार्यक्रम का आयोजन किया था। जिसमें अवार्ड वितरण के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को आना था। सोनाक्षी के आने का कार्यक्रम प्रमोद ने टैलेंट फुल ऑन कंपनी के मालिक अभिषेक सिन्हा से 24 लाख रुपये और उस रकम का जीएसटी अदा करने का करार किया था। सोनाक्षी को बुलाने के लिए टैलेंट फुल ऑन कंपनी के पदाधिकारी ने एक्सिड एंटरटेनमेंट कंपनी के पदाधिकारी ध्रूमिल ठक्कर, एडगर सके रिया के अलावा सोनाक्षी की मैनेजर मालविका पंजाबी से संपर्क किया और जून माह में करार हो गया था। एक वीडियो वायरल कर सोनाक्षी ने कार्यक्रम में आने की जानकारी दी थी। 37 लाख रुपये की रकम मुरादाबाद से आनलाइन ट्रांसफर की र्गई थी, इनमें से चार लाख रुपये सोनाक्षी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। बाकी के 33 लाख रुपये अभिषेक की कंपनी टैलेंट फुल ऑन और उनकी पत्नी स्वाति के अलावा आशीष के खाते में डाले गए थे। इसके बाद भी 30 सितंबर को वह कार्यक्रम में नहीं आईं। उनके कार्यक्रम में न आने पर विवाद हो गया। प्रमोद का आरोप है कि उनके साथ 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।