एक तरफ यूपी पुलिस सोशल मीडिया पर अपने अच्छे कार्य के बारे में जानकारी साझा कर पुलिस विभाग की छवि को सुधारने का प्रयास कर रही है तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर कुछ पुलिसकर्मी के गलत कार्य महकमे की छवि को धूमिल कर रहे हैं। नया मामला एक दरोगा का है। आरोप है कि दरोगा ने एक युवती को फेसबुक पर अश्लील संदेश भेजे। इसकी शिकायत युवती ने पुलिस अधिकारियों से की। मामला एसएसपी के संज्ञान में आया तो उन्होंने जांच करवाई। जसमें आरोप सही पाए जाने पर दरोगा को निलंबित कर दिया गया है।
एसएसपी जे रविन्दर गौड ने बताया कि बुधवार रात को निलंबित किया गया दरोगा सचिन दयाल है। उसकी तैनाती पुलिस लाइंस में थी। आरोप है कि उसने एक युवती को फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी की थी। इस मामले में युवती ने शिकायत की थी। शिकायत मिलने पर एसएसपी ने इस मामले में जांच करवाई। एसपी सिटी ने इस मामले में जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को भेजी, उसके बाद एसएसपी ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है। इससे पहले भी जनता से अभद्र व्यवहार करने पर पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है। हाल ही में डीजीपी ने मुरादाबाद दौरे के दौरान भी पुलिस से व्यवहार में सुधार के लिए कहा था, दुर्व्यवहार पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी लेकिन इसके बाद भी कुछ पुलिसकर्मी अपने व्यवहार में सुधार नहीं कर रहे हैं।