लॉकडाउन में भी घटिया आटा, दाल, चावल सप्लाई करने वाली शांति भोग फूड्स फर्म पर मुकदमा, ठेका निरस्त
- लखनऊ में कई क्षेत्रों की कम्युनिटी किचन में होनी थी आपूर्ति, मुरादाबाद की फर्म है यह
- जांच में खराब मिली गुणवत्ता, 80 हजार की धरोहर राशि भी जब्त, प्रशासन की कड़ी कार्रवाई
मुरादाबाद/लखनऊ। कोरोना आपदा के इस दौर में भी कुछ कारोबारी मुनाफाखोरी से बाज नहीं आ रहे। जरूरतमंदों को बांटी जाने वाली राशन किट में घटिया खाद्य सामग्री भर कर भेज दी। क्वालिटी जांच के लिए गठित कमेटी ने गड़बड़ी पकड़ ली जिस पर जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मुरादाबाद की मैसर्स शांति भोग फूड प्रोडक्ट फर्म के खिलाफ कोविड एक्ट में मुकदमा दर्ज करा दिया है। साथ ही फर्म का ठेका निरस्त कर 80 हजार की धरोहर राशि भी जब्त की है।
प्रभारी व एडीएम प्रशासन लखनऊ अमर पाल सिंह ने बताया कि 2 मई को जारी ई-टेंडर के माध्यम से पांचों तहसील इलाकों में वितरण के लिए आटा, दाल और चावल इत्यादि सामग्री की पांच हजार किट 630 रुपये प्रति किट की दर से सप्लाई का ठेका मुरादाबाद की मैसर्स शांति भोग फूड प्रोडक्ट को दिया था। सप्लाई शर्त में साफ था कि सप्लाई किट की पैंकिंग सदर तहसील में सामग्री की क्वालिटी जांच के बाद ही होगी। लेकिन 4 मई को फर्म ने बिना जांच 2 हजार राशन किट की सीधे सप्लाई कर दी। एडीएम आपूर्ति लखनऊ आरडी पांडे की अगुवाई में हुई जांच में किट में मौजूद सामग्री खराब मिली। इसमें आटा, दाल और चावल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इसकी रिपोर्ट के बाद डीएम के निर्देश पर एक्शन लिया गया। इन राशन किट की सप्लाई सदर, सरोजनीनगर, बीकेटी, मोहनलालगंज तहसील के साथ नगर निगम के कम्युनिटी किचन में होनी थी।
राशन किट के गोदाम को किया सील
जरूरत के सामान की गुणवत्ता खराब होने के चलते एडीएम प्रशासन ने तहसीलों में उक्त कंपनी की भेजी गई किटों के वितरण पर रोक लगा दी है। इसी कंपनी की 500 राशन किट को वितरण के लिए मोहनलालगंज तहसील भेजा गया था, बृहस्पतिवार को एसडीएम पल्लवी मिश्रा ने राशन किट रखे गोदाम को सील करा दिया। एसडीएम ने बताया राशन किट कंपनी वापस भेजी जाएगी।
यह मुकदमा बिल्कुल गलत दर्ज किया गया है। मेरे द्वारा भेजे गए राशन की गुणवत्ता बिल्कुल ए वन क्वालिटी की है। इस बाबत मैं अपनी आपत्ति दर्ज कराऊंगा। कहीं भी मेरा माल चेक कराया जा सकता है। बिल्कुल सही निकलेगा- सुबोध गुप्ता, फर्म स्वामी शांति भोग फूड्स