मुरादाबाद। ऐन वक्त पर क्रेन ने दगा नहीं दिया होता तो लोकोशेड पुल ने सोमवार को करीब - करीब मुकम्मल शक्ल अख्तियार कर ली होती। लेकिन क्रेन खराब हो गई। जिसकी वजह से सोमवार को काम नहीं हो सका। रेलवे का दोपहर 12 बजे से चार बजे तक के लिए लिया गया ब्लॉक भी बेकार गया। जब काम शुरू ही नहीं हुआ तो लोकोशेड पर वाहनों का डायवर्जन भी पुलिस ने लागू नहीं किया। अब काम टल गया है। काम तभी शुरू होगा जब रेलवे को नए सिरे से ब्लॉक मिलेगा।
गार्डरों को पिलर्स तक पहुंचाने के लिए खास तौर पर पानीपत से मंगाई गई क्रेन ने सोमवार को फिर एक बार धोखा दे दिया। इससे पहले शनिवार रात को भी क्र्रेन दगा दे गई थी। जिसकी वजह से गार्डरों को ट्रकों पर लोड करने का काम रविवार रात को पूरा करना पड़ा था। सोमवार सुबह इन गार्डरों को लेकर क्रेन की मदद से पिलर्स पर फिक्स करना था। रेलवे ने इसके लिए चार घंटे का ब्लॉक भी मंजूर करा रखा था। लेकिन जैसे ही काम शुरू हुआ क्रेन में खराबी आ गई। इंजीनियर्स की टीम ने काम शुरू किया लेकिन क्रेन को ठीक होते - होते रेलवे ब्लॉक की अवधि गुजरी गई। देर रात तक क्रेन को दुरुस्त किया जा सका। अब जब क्रेन ठीक हुई तो रेलवे के ब्लॉक की समस्या खड़ी हो गई है। ब्लॉक मिलने के बाद ही गार्डरों को पिलर्स पर फिक्स करने का काम शुरू होगा। इसमें एक - दो दिन का समय भी लग सकता है।