कांठ। नगर पंचायत कांठ बोर्ड की बैठक में सभासदों ने नगरवासियों के जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों के समय पर जारी न होने का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। इसी के साथ सरकार द्वारा गृहकर में की गई वृद्धि का एक स्वर में विरोध करते हुए रोष व्यक्त किया। बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था व विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत कांठ के चेयरमैन इकबाल आलम की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सभी 17 वार्डों के सभासदों ने कहा कि नगरवासियों के जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र निर्धारित समय पर जारी नहीं हो रहे हैं, जिस कारण लोग परेशान हैं और सभासदों से बार-बार कह रहे हैं। यहां चेयरमैन इकबाल आलम और अधिशासी अधिकारी प्रियंका ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधितों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसी के साथ जन्म-मृत्यू प्रमाण पत्रों की समस्या को दूर कराने के लिए छह फरवरी को सुबह 10 से शाम चार बजे तक नगर पंचायत कार्यालय में शिविर आयोजित करने के लिए बैठक में तिथि घोषित की गई। साथ ही जारी प्रमाण पत्रों को सभासदों के माध्यम से वितरित कराने को कहा गया।इसके अलावा सभासदों ने सरकार द्वारा गृहकर में की गई 10 प्रतिशत की वृद्धि को लेकर भी रोष व्यक्त किया। इसके अलावा नगर की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, विकास कार्यों को लेकर भी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। चेयरमैन इकबाल आलम ने कहा कि नगर का विकास कार्य प्रथम प्राथमिकता है। इसमें सभी सभासदों से सहयोग करने व नगर को सुंदर एवं स्वच्छ बनाने की अपील की गई। इस अवसर सभासद सोनम कौर, चमन सिंह, मंजू, पिंकी, मनोज कुमार, नसीम अहमद, प्रियंका सैनी, मोहम्मद इलियास, दिलशाद, मोहम्मद उस्मान, धर्मवीर सिंह, वसीम अहमद, रईस अहमद, रूखसाना खातून, जमीला खातून, मोहम्मद परवेज आदि सभासदों सहित मुख्य लिपिक अमित कुमार विश्नोई भी बैठक में मौजूद रहे।