मुरादाबाद। शहर के वार्ड-63 से पार्षद इरमनाज के भाई काशिफ खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोप है कि वारसी नगर की गली नंबर दो में वह कुछ मुस्लिम युवकों के साथ लोगों से इस्राइली उत्पादों का उपयोग न करने की अपील कर रहे थे। करीब एक घंटे तक पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
शुक्रवार दोपहर शहर की जामा मस्जिद के आसपास रहने वाले कुछ युवक वारसी नगर में इस्राइल के उत्पादों का बहिष्कार करने के लिए एकत्र हुए। योजना बनाई कि वह लोग अपने क्षेत्र के लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से इस्राइली उत्पादों का उपयोग नहीं करने की अपील करेंगे। दुकानदारों से भी इस्राइली उत्पाद नहीं बेचने की अपील करेंगे।
इसके बाद सभी युवक पार्षद इरमनाज के घर पहुंचे तथा उनके भाई काशिफ खान को साथ लेकर वारसी नगर की गली नंबर दो में अपील करने निकल पड़े। यह लोग अपील कर ही रहे थे कि गलशहीद पुलिस के साथ सीओ कोतवाली सुनीता दहिया मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने पार्षद के भाई को हिरासत में ले लिया और थाने ले गईं। काशिफ ने बताया कि पुलिस प्रशासन का कहना था कि विरोध से माहौल बिगड़ सकता है। लिहाजा वह विरोध न करें। इसके बाद उन्हें विरोध करने वाले लोगों को समझाने की बात कहकर करीब एक घंटे बाद छोड़ दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में रोष है।
-