मंडल के पांचों जिलों में सेतु निगम ने पुलों का जाल बिछाना शुरू दिया है। नदियों पर नौ पुल और आठ फ्लाईओवर बनकर तैयार होने वाले हैं इन पर जल्द वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। सबसे ज्यादा छह पुलों का निर्माण बिजनौर जनपद में हो रहा है, जबकि रामपुर में पांच पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है। मुरादाबाद में लोकोशेड समेत पांच पुल बन रहे हैं, संभल और अमरोहा में दो पुलों पर ट्रैफिक शुरू कर दिया गया है दो-दो पुलों का निर्माण कार्य जारी है।
सेतु निगम मुरादाबाद मंडल के पांचों जिलों में पुलों का जाल बिछा रहा है। इनमें दस पुल विभिन्न नदियों पर बनाए जा रहे हैं जिनसे इलाके के लोगों को बरसात में आवागमन की सुविधा मिलेगी। वहीं आठ स्थानों पर रेलवे लाइनों पर फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है।
इससे जाम की समस्या का समाधान होगा। बिजनौर जनपद के नजीबाबाद में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पूरे होने से हरिद्वार को जाने की राह आसान होगी। क्योंकि मुरादाबाद से हरिद्वार जाने के लिए इस समय नजीबाबाद में घंटों रेलवे क्रासिंग पर खड़े होना पड़ता है।
गजरौला में बदायूं-बिजनौर मार्ग पर ओवरब्रिज पर यातायात शुरू हो चुका है। वहीं मुरादाबाद संभल मार्ग पर सोतनदी का पुल भी बनकर ट्रैफिक दौड़ रहा है। रामपुर में भी बने चार पुलों पर जल्द यातायात शुरू हो जाएगा।
यह हैं नदियों पर बनने वाले पुल
-मुरादाबाद में दौलतपुर-तुमड़िया कलां मार्ग पर ढेला नदी
-मुरादाबाद में पीपलसाना-गनीमतनगर मार्ग पर ढेला नदी
-संभल में मुरादाबाद संभल मार्ग पर सोत नदी पर
-बिजनौर में नजीबाबाद नरुला-सदातपुर गढ़ी मार्ग पर खो नदी पर
-नजीबाबाद-बालाबाली लक्सर मार्ग पर गंगा नदी पर
-नजीबाबाद में मूर्ति कालेज से काली मंदिर तक मालिन नदी पर
-रामपुर में खौंद-टांडा मार्ग पर लालपुर डाम कोसी नदी पर
-रामपुर के बिलासपुर में गदइया-हसुनगला में भाखड़ा नदी पर
-रामपुर में बिलासपुर मिलक खानम भटपुरा तारन में सैंजनी नदी पर
रेलवे लाइनों पर बनने वाले फ्लाईओवर
-मुरादाबाद में बिलारी-सिरसी मार्ग पर
-मुरादाबाद हरिद्वार मार्ग पर अगवानपुर क्रासिंग पर
-मुरादाबाद में लोकोशेड पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर
--बिजनौर में नजीबाबाद में रेलवे क्रासिंग पर
-बिजनौर में नजीबाबाद-रायपुर मार्ग क्रासिंग पर
-बिजनौर में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर
-अमरोहा में अतरासी रेलवे क्रासिंग पर
रेलवे और बिजली-वन विभाग की देरी
अधिकांश पुल बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन रेलवे का हिस्सा पूरा नहीं होने से देरी हो रही है। अमरोहा में रेलवे का हिस्सा पूरा नहीं हुआ है। बिजली के पोल भी दिक्कत पैदा कर रहे हैं। वहीं गजरौला में वन विभाग की अनुमति नहीं मिलने से पेड़ कटान नहीं हुआ है, जिससे सर्विस रोड नहीं बन सका है। बिजनौर में खो नदी के पुल पर हाईकोर्ट का स्टे होने से काम रुका है। बिलारी में रेलवे का कार्य चल रहा है।
------