कोविड केयर सेंटर के बाद अब बुधवार को जिला अस्पताल से कोरोना आशंकित मरीज ने भागने की कोशिश की। मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। बेड की चादर लपेटकर सीढ़ियां उतर रहा था और वहीं गिर गया। मरीज के गिरने पर लोगों ने उसे देखा और इमरजेंसी में भर्ती कराया।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक करूला निवासी 35 वर्षीय युवक बुखार और खांसी की शिकायत पर 20 जुलाई को अस्पताल पहुंचा। स्क्रीनिंग में कोरोना आशंकित होने पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया। 21 जुलाई को उसका सैंपल केजीएमयू भेजा गया है। रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
युवक बुधवार को वार्ड से भागकर पहली मंजिल तक पहुंच गया। कोई पहचान न पाए इसके लिए बेड की चादर लपेटकर दूसरी मंजिल से पहली मंजिल तक आ गया। सीढ़ियां उतरते वक्त चादर पैर में लिपटने से वह गिर गया। उसे गिरता देख वहां मौजूद तीमारदार उसे बचाने दौड़े। इस बीच अस्पताल के वार्ड बॉय और नर्स ने उसे पहचान लिया। सीढ़ियों से गिरने से मरीज को चोट आई है। उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड के अलावा अस्पताल के प्रवेश और निकासी द्वार पर सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती कर दी है। वार्ड से किसी मरीज को चिकित्सक की अनुमति के बगैर बाहर नहीं आने दिया जाएगा।