पाकबड़ा। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से कोरोना की जांच के लिए 36 नमूने लिए हैं। नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। लोगों ने शुक्रवार को वैक्सीन लगवाने के लिए बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया है।
पाकबड़ा क्षेत्र में बुखार से मौत का सिलसिला जारी था। बीते एक माह के दौरान पाकबड़ा में 42 और मंगूपुरा में बीस लोगों की मौत बुखार के चलते हो गई थी। लगातार हो रही मौतों के बाद भी लोगों में कोरोना की जांच कराने के लिए जागरूकता की भारी कमी थी। तीन दिन से लगातार स्वास्थ्य विभाग जांच के साथ टीकाकरण के लिए जागरूकता पैदा कर रहा है। पाकबड़ा में विभिन्न इलाकों से जांच के लिए 36 नमूने लिए गए हैं। पाकबड़ा स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डा. राजीव कुमार ने बताया कि जागरूकता बढ़ने से टीकाकरण को रफ्तार मिली है। शुक्रवार को तमाम लोग वैक्सीनेशन कराने के लिए सरकारी अस्पताल पर पहुंचे। वह लगातार लोगों को जागरूक करते हुए क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवियों को आगे आना चाहिए और टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए। इसको लेकर फैलाए जा रहे भ्रमों को दूर करना होगा।