मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण और मृत्यु दर बढ़ने की चिंता के बीच मुरादाबाद के लिए राहत भरी खबर भी है। नए मरीजों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। इससे जिले में रिकवरी दर 78.82 फीसदी पहुंच गई है। जबकि उत्तर प्रदेश में औसत रिकवरी दर 78.79 फीसदी है। निराशा के बीच उम्मीद की इस किरण से मरीजों के साथ स्वास्थ्य विभाग का हौसला भी बढ़ा है। स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेट मरीजों के लिए प्रोटोकॉल मानकों का पालन करते हुए एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि परिवार के दूसरे सदस्यों को संक्रमण की चपेट में आने से बचाया जा सके।
संक्रमण तेजी से पांव पसार चुका है। शहर के साथ गांव-देहात के इलाके इसकी चपेट में आ रहे हैं। लोगों की लापरवाही से संक्रमण का फैलाव कम नहीं हो रहा है। कई परिवारों में अधिकतर सदस्य संक्रमित हो रहे हैं। कमजोर इम्युनिटी और उम्रदराज लोगों को जान गंवानी पड़ रही है। मुरादाबाद में अब तक 143695 कोविड जांचें हुई हैं। इनमें 136242 निगेटिव (94.81 फीसदी) हैं। 5.18 फीसदी संक्रमितों में अधिकतर पहले से संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोग हैं। 80 फीसदी मरीजों में लक्षण नहीं हैं। जिसके चलते बिना लक्षणों वाले मरीज होम आइसोलेट हैं। वर्तमान में 1338 सक्रिय मरीजों में 741 होम आइसोलेट हैं। होम आइसोलेट की अवधि सैंपल के बाद दस दिन की है। लेकिन अधिकतर मरीज पांच से सात दिन में स्वस्थ हो रहे हैं।
मरीजों के स्वस्थ होने की रफ्तार बढ़ने से रिकवरी की दर 78.82 फीसदी आ गई है। यानी 5875 मरीज संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो गए हैं। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तुलना में रिकवरी की दर 78.75 फीसदी है। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने होम आइसोलेट मरीजों को प्रोटोकाल का पालन करने की गाइड लाइन जारी की है। सीएमओ ने कहा कि कुछ मरीज लारवाही बरत रहे हैं। इससे संक्रमण उनके परिवार के अन्य सदस्यों में फैल रहा है। सतर्कता बरतने से संक्रमण फैलने से रोका जा सकता है।
- रिकवरी दर तेजी से बढ़ी है। संक्रमित मरीज होम आइसोलेट प्रोटोकाल का पालन करें तो संक्रमण के फैलाव की दर को कम किया जा सकता है। रैपिड रिस्पांस टीमों को होम आइसोलेट मरीजों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
- डा. एमसी गर्ग, सीएमओ।
विगत तीन दिनों में नए मरीजों के सापेक्ष ठीक होने वालों की संख्या
16 सितंबर : 131 नए मरीज आए और 102 मरीज ठीक हुए हैं
17 सितंबर : 106 मरीज मिले और 102 ठीक हुए
18 सितंबर : 131 पॉजिटिव नए मिले और 129 स्वस्थ हुए