मुरादाबाद। कोरोना का सैंपल कराने के बाद आशंकित लोग रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन रहना तो दूर शहर छोड़कर ही गायब हो रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। 12 जुलाई को बंगला गांव के युवक के गायब होने के बाद अब साईं गार्डन में रहने वाला ठेकेदार का पूरा परिवार गायब है। ठेकेदार के बाद अब परिवार में पत्नी, बेटी और बेटा भी संक्रमित आए हैं। स्वास्थ्य विभाग जब परिवार के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती करवाने घर पहुंचा तो उनके गायब होने की जानकारी हुई। स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस और प्रशासन से परिवार को ढूंढने की मदद मांगी है। हालांकि, ठेकेदार और उनका परिवार दिल्ली रोहिणी के एक अस्पताल में भर्ती हैं।
मुरादाबाद में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसमें संक्रमित परिवारों की लापरवाही सामने आ रही है। परिवारों के लोग सैंपल देने के बाद होम क्वारंटीन होने के बजाए घरों से बाहर घूम रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दे चुका है, इसके बाद भी लोग समझने को तैयार नहीं हैं। बंगला गांव का एक युवक 12 जुलाई को गायब हो गया था। पुलिस के खोजबीन का दबाव पड़ने पर युवक खुद कोविड अस्पताल पहुंचकर भर्ती हो गया। अब ठेकेदार और उसके परिवार के गायब होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। साईं गार्डन निवासी 58 वर्षीय ठेकेदार 11 जुलाई को पॉजिटिव आया था। उसके पॉजिटिव आते ही परिवार के तीन सदस्यों का सैंपल कराया गया। परिवार का सैंपल कराने के बाद ठेकेदार पत्नी, बेटी और बेटे को लेकर दिल्ली रोहिणी स्थित एक अस्पताल में भर्ती हो गया। ठेकेदार ने खुद के दिल्ली में भर्ती होने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को तो दे दी, लेकिन परिवार की जानकारी नहीं दी।
स्वास्थ्य विभाग को मंगलवार को ठेकेदार की पत्नी, बेटी और बेटा पॉजिटिव आने के बाद परिवार के गायब होने की जानकारी हुई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ठेकेदार ने परिवार का सैंपल कराते वक्त जानबूझकर अपना पता और टेलीफोन नंबर भी गलत दर्ज कराया है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को परिवार के सदस्य नहीं मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना दी है। वहीं, ठेकेदार ने बताया कि मुरादाबाद में इलाज की बेहतर सुविधा नहीं है। वह दिल्ली के निजी अस्पताल में अपना और परिवार के लोगों का इलाज करवाने में सक्षम है। इसलिए परिवार को बिना बताए दिल्ली ले गया।
- ठेकेदार के परिवार के तीन सदस्यों के संक्रमित आने के बाद टीम मंगलवार को जब उनके घर पहुंची तो परिवार के गायब होने की जानकारी हुई। ठेकेदार ने परिवार के सैंपल देते वक्त अपना पता और फोन नंबर गलत दर्ज कराया था। जिससे उनको खोजने में टीम को परेशानी हो रही है। पुलिस से परिवार को खोजने की मदद मांगी है।
- डा. एमसी गर्ग, सीएमओ।