मुरादाबाद। अनलॉक-4 में सप्ताह में छह दिन बाजार खुलेंगे। दफ्तरों में भी कामकाज होगा। सरकार का फैसला व्यापार एवं कारोबार को पटरी पर लाने के साथ विकास कार्यों को गति देना है। इसलिए आप कतई यह गलफहमी न पालें कि कारोना का संक्रमण कम होने से सप्ताह में छह दिन बाजार खुलेंगे। कोरोना अभी लॉक नहीं हुआ है बल्कि लगातार बढ़ रहा है। संक्रमण से अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए आपको अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलते मास्क जरूर पहनें और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखें। यही आपको संक्रमण से बचाएगा।
कोरोना काल में बाजार और कारोबार पर जबरदस्त असर पड़ा है। किसी की नौकरी तो किसी का कामधंधा चौपट हुआ है। मध्य वर्गीय परिवारों को सबसे अधिक मार पड़ी है। अब बारिश कम हो गई है। बारिश में ही संक्रमण का सबसे अधिक फैलाव देखने को मिला। अगस्त माह में मुरादाबाद में रिकार्ड मरीज आए। भारत सरकार ने एक सितंबर से अनलॉक-4 की नई गाइड लाइन जारी कर दी। प्रदेश सरकार ने कुछ आंशिक संशोधन के साथ अनलॉक-4 की गाइड लाइन को लागू कर दिया है। मुरादाबाद जिला प्रशासन ने भी बुधवार देर रात से इसे प्रभावी कर दिया है। इसमें सप्ताह में अब सिर्फ रविवार को लॉकडाउन होगा। छह दिन बाजारों और कार्यालयों के खुलने से व्यापारियों से लेकर कारोबारियों को राहत जरूर मिली है, लेकिन संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
मुरादाबाद में अब तक 5499 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। अनलॉक-1 के बाद इनकी संख्या बढ़ी है। बारिश के साथ संक्रमण का फैलाव गांव-देहात से लेकर शहर की कालोनियों में लोगों के दहलीज तक पहुंचा है। इसमें लोगों की लापरवाही बड़ी वजह रही है। बाजार खुलने पर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाईं हैं। मास्क पहनना तक जरूरी नहीं समझा है। अनलॉक-4 में बाजार छह दिन खुलेंगे और लोगों की भीड़ भी बढ़ेगी। आने वाले दिनों में नवरात्र, दशहरा और दीवाली है। जितनी अधिक भीड़ होगी, लापरवाही उतनी बढ़ेगी और संक्रमण का फैलाव बढ़ेगा। इसलिए सावधानी ही आपको संक्रमण से सुरक्षित कर पाएगी।
- सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क से ही संक्रमण से बचाव है। बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलें। जरूरी होने पर घर से बाहर निकलने पर एहतियात बरतें। संक्रमण की आशंका होने पर जांच कराने में कतई देरी न करें। जितनी जल्दी संक्रमण का पता चलेगा उतनी जल्दी रिकवरी होगी और संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। - डा. एमसी गर्ग, सीएमओ