मुरादाबाद। कोरोना का कहर जारी है। देश एवं समाज की सेवा में लगे मुरादाबाद के दो वर्दीधारियों की जान कोरोना संक्रमण से चली गई। यहां के रहने वाले मेरठ में तैनात एक दारोगा ने कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी और जम्मू में तैनात सीआरपीएफ के एक जवान की भी कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। दोनों मौतों से महकमों में हड़कंप की स्थिति है और दारोगा की चौकी को बंद कर वहां के सभी पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया गया है।
दारोगा को अचानक संक्रमण ने घेरा और बिगड़ती चली गई तबीयत
मुरादाबाद/मेरठ
मेरठ के लिसाड़ीगेट थाने की फतेहउल्लापुर पुलिस चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह (55) को सोमवार देर रात सीने में तेज दर्द व बुखार होने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सीएमओ मेरठ डॉ. राजकुमार ने बताया कि उन्हें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। मंगलवार को उनकी मौत हो गई। वह मुरादाबाद की पूनम विहार कालोनी के रहने वाले थे। रविवार को ड्यूटी के समय उन्हें हल्का बुखार हुआ था। जिसके बाद उन्होंने एक स्थानीय डॉक्टर से दवाई ली थी। इसके बाद बुखार उतर गया था। सोमवार देर रात अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया। उन्हें मेदांता ले जाने की भी तैयारी थी लेकिन इससे पहले ही मंगलवार शाम उनकी मौत हो गई। इस पर वहां की फतेहउल्लापुर पुलिस चौकी को बंद कर दिया गया है। वहां तैनात पांच पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। बलवीर सिंह की पत्नी व तीनों बच्चे भी मेरठ रवाना हो गए हैं। हालांकि उन्हें क्वारंटीन नहीं किया गया है क्योंकि कई माह से बलवीर सिंह घर नहीं आ रहे थे। कोरोना के चलते ही वह गंभीर थे और मुरादाबाद नहीं आए थे।
सीआरपीएफ जवान की मौत
उधर कश्मीर में भी एक मुरादाबाद निवासी जवान की कोरोना से मौत हो गई। अनंतनाग में तैनात इस 40 वर्षीय जवान को गुरुवार को स्किम्स अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसे सांस लेने में अचानक तकलीफ हुई थी। बाहर से आने पर वह पॉजिटिव पाया गया और रविवार रात उसने दम तोड़ दिया। कश्मीर में भी किसी जवान की कोरोना संक्रमण से यह पहली मौत हुई है।