मुरादाबाद। आईएफटीएम में क्वारंटीन लोगों की निगरानी ड्यूटी करते वक्त कोरोना संक्रमित हुए कुष्ठ रोग विभाग के चिकित्सक की एक माह की बेटी समेत परिवार सभी सदस्यों की निगेटिव रिपोर्ट आ गई है। काजीपुरा में महिला की अंत्येष्टि में शामिल लोगों की भी रिपोर्ट निगेटिव आई है। महिला की अंत्येष्टि उसके पॉजिटिव पति ने कर दी थी। निगेटिव रिपोर्ट आने से सभी लोगों के अलावा स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है। दोनों इलाकों से अब पाबंदी हटने की उम्मीद बढ़ गई है।
कुष्ठ रोग विभाग के चिकित्सक की 11 अप्रैल से 17 अप्रैल तक आईएफटीएम में क्वारंटीन लोगों की निगरानी ड्यूटी की। ड्यूटी के दौरान डाक्टर को खांसी की शिकायत हुई और 17 अप्रैल को उनका कोरोना का सैंपल भेजा गया। 20 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। डाक्टर को कोविड एन 1 अस्पताल में भर्ती करने के साथ उनके आवास बुद्ध बाजार दुर्गा मंदिर गली में प्रशासन ने सील कर दिया। डाक्टर की एक माह की बेटी, पत्नी और माता एवं पिता के सैंपल कराए। सभी सैंपल रविवार को निगेटिव आ गए।
काजीपुरा निवासी 45 साल की महिला की टीएमयू में 17 अप्रैल को मौत हो गई थी। महिला और उसके पति एवं देवर का 16 अप्रैल को कोरोना सैंपल लिया गया। 21 अप्रैल को महिला की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट आने पर पति और रिश्तेदारों ने उसकी अंत्येष्टि कर दी। अंत्येष्टि करने के बाद पति की पॉजिटिव रिपोर्ट आ गई। इससे अंत्येष्टि में शामिल और परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। पति को अस्पताल में भर्ती करने के बाद उसकी 15 दिन की पोती समेत परिवार के छह लोगों के सैंपल हुए। अंत्येष्टि में शामिल पड़ोसी और रिश्तेदार करीब 20 लोगों के भी सैंपल हुए। सभी निगेटिव आ गए हैं। इससे परिवार ने राहत की सांस ली है।