मुरादाबाद। कोरोना पाजिटिव मरीजों के फर्स्ट और सेकेंड कांटेक्ट में आए क्वारंटीन 92 संदिग्ध लोगों के गुरुवार को सैंपल लिए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मझोला, सिविल लाइन थाना क्षेत्र और राजकीय संप्रेक्षण गृह में 268 लोगों की कोरोना लक्षणों की जांच की। अलग-अलग थाना क्षेत्र से 20 कोरोना के संदिग्ध लोगों को आईएफटीम में क्वारंटीन किया गया।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि आईएफटीएम में क्वारंटीन 92 लोगों के कोरोना सैंपल लिए गए। ये सभी जमातियों और पाजिटिव मरीजों के फर्स्ट और सेकेंड कांटेक्ट में रहे हैं। जिले में अब तक 474 कोरोना टेस्ट कराए जा चुके हैं। 195 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। 21 लोग पाजिटिव आए हैं। 27 लोगो की रिपोर्ट में संशय है और दोबारा सैंपल भेजे जाएंगे। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. ब्रह्म सिंह ने बताया कि कोरोना पाजिटिव लोगों के संपर्क में आए 20 लोगों को हॉटस्पॉट जोन से आईएफटीएम में क्वारंटीन किया गया।
नोडल अधिकारी डा. डीके प्रेमी ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग के लिए थाना मझोला क्षेत्र में दो और सिविल लाइन क्षेत्र में एक टीम लगाई गई। मझोला में 22 और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 13 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। दूसरे जिले और प्रदेशों से आए 139 लोगों के घरों में पहुंचकर हेल्ड आडिट कर थर्मल स्क्रीनिंग हुई। राजकीय संप्रेक्षण गृह में 94 किशोरों की भी स्क्रीनिंग हुई। गुरुवार को कुल 268 लोगों की स्क्रीनिंग कर कोरोना के लक्षणों की जांच हुई। टीमों में डा. संजीव यादव, डा. एससी मिश्रा, डा. दीपक वर्मा, डा. जीएस मर्तोलिया, डा. नितिन यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।