मुरादाबाद। अमरोहा के दो कोरोना पॉजिटिव मरीज गुरुवार अपराह्न मुरादाबाद शिफ्ट हो गए। कोविड-19 एल 1 श्रेणी के अस्पताल में दोनों मरीजों को भर्ती करने के बाद देर शाम एक मरीज को टीएमयू रेफर कर दिया गया। रेफर मरीज शुगर टाइप टू से पीड़ित है।
मुरादाबाद में कोविड-19 एल 1 और एल 2 श्रेणी के दो अस्पताल बनाए गए हैं। एल 1 के लिए मैटरनिटी अस्पताल और एल 2 के लिए संयुक्त पुलिस अस्पताल अधिग्रहीत किया है। एल 1 में 30 बेड लगाए गए हैं और कोरोना पॉजिटिव का इलाज होगा। एल 2 में आशंकितों का इलाज किया जाएगा। गुरुवार अपराह्न एल 1 में अमरोहा के कोरोना पॉजिटिव दो मरीजों के शिफ्ट किया है। इनमें एक 20 साल की युवक और दूसरा 65 साल का बुजुर्ग है। इमरजेंसी 108 के प्रोग्राम मैनेजर मो. अशरफ के मुताबिक दोनों को एंबुलेंस से अपराह्न चार बजे भर्ती किया है।
20 साल का युवक मुरादाबाद मंडी चौक स्थित मदरसे में पढ़ता है। युवक मदरसे में ही पढ़ने वाले बनारस जा चुके कोरोना संक्रमित छात्र के संपर्क में रहा था। जबकि 65 साल के बुजुर्ग दिल्ली ओखला से लौटकर अमरोहा पहुंचे थे। कोविड 19 एल 1 श्रेणी के अस्पताल में मंडल के दूसरे जिलों के कोरोना पाजिटिव मरीजों को भी शिफ्ट करने पर मंथन चल रहा है। हालांकि, अभी तक सिर्फ अमरोहा से शिफ्ट किए गए हैं। एल 1 श्रेणी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. संजीव बेलवाल ने बताया कि देर शाम बुजुर्ग को टीएमयू रेफर कर दिया। बुजुर्ग शुगर टाइप का मरीज है।
- कोरोना पाजिटिव दो लोगों को भर्ती किया गया। शाम को एक बुजुर्ग को टीएमयू रेफर कर दिया। एल 1 श्रेणी अस्पतारल में 30 बेड की क्षमता है। कोरोना मरीजों के उपचार के लिए दो डाक्टर और स्टाफ नर्स समेत 9 लोगों की ड्यूटी लगाई है। तीन शिफ्टों में 27 कर्मी ड्यूटी करेंगे। - डा. संजीव बेलवाल, चिकित्सा अधीक्षक