कांठ(मुरादाबाद)। दिल्ली जमात से लौटे लोग कांठ की चार मस्जिदों में 11 दिनों तक रहे। कोरोना महामारी के चलते दिल्ली से गांवों में धर्म का प्रचार करने आए जमातियों के संपर्क में आने वाले ग्रामीणों की जांच को अधिकारी दौड़ पड़े हैं। जहां ग्रामीणों के स्वास्थ्य के जांच की जा रही है तो वहीं उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसी के साथ गांवों को सैनिटाईज भी किया जा रहा है।
बता दें कि ग्यारह मार्च को दिल्ली से कांठ क्षेत्र के गांव गढ़ी, चैदरी अकबरपुर और सलेमपुर में धर्म का प्रचार करने के लिए जमातियों का दल आया था। जिसमें करीब दस लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। इसमें विदेशी लोग भी शामिल थे। वह दस दिनों तक इन तीनों में ठहरे थे। बाइस मार्च को इन जमातियों का दल वापस चला गया था। दिल्ली के निमामुद्दीन में हुए बड़े जलसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम जमातियों के संपर्क में आए लोगों की जांच को गांवों की ओर दौड़ पड़ी है। बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन लक्ष्मीशंकर सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण उदयशंकर सिंह, उपजिलाधिकारी आईएएस प्रेरणा सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी बलराम, तहसीलदार विभा श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार आदित्य विशाल सहित स्वास्थ्य विभाग और निगरानी समिति ने कांठ के गढ़ी, चैदरी अकबरपुर और सलेमपुर में पहुंचकर जमातियों के संपर्क में रहे लोगों की जांच कराई। नायब तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कि इस दौरान करीब 158 स्थानीय लोगों को चिंहित किया गया है। उनके बुखार आदि की जांच की गई है। इसी के साथ सभी को होम कोरोनटाइम करते हुए उनके घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। ग्राम प्रधानों और नगर पंचायत से तीनों में गांवों में सैनिटाईजर छिड़काव कराया गया हैं। उन स्थानों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है जहां पर जमाती ठहरे हुए थे।